बस्ती। खजौला थाना क्षेत्र के परसा जाफर के पास सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में एंबुलेंस कर्मियों की मुस्तैदी ने एक युवक को नई जिंदगी दे दी। गाड़ी के ऊपर चढ़कर बोरियां ठीक कर रहा युवक अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बाराबंकी जिले के रामपुर थाना क्षेत्र निवासी इलियास पुत्र मोहम्मद इस्लाम सुबह करीब 03:12 बजे सब्जी लेकर गोरखपुर मंडी जा रहे थे। रास्ते में आलू की बोरियां खिसकने लगीं, जिन्हें ठीक करने के लिए इलियास गाड़ी के ऊपर चढ़ गए। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे सड़क पर गिर पड़े।
हादसा इतना गंभीर था कि इलियास के सिर, कमर और कान में गहरी चोटें आईं, साथ ही कान से खून बहने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कॉलर इमरान ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित किया।
एम्बुलेंस संख्या UP32FG0836 पर तैनात पायलट घनश्याम वर्मा और ईएमटी रंजीत कुमार मौके पर तेजी से पहुंचे और घायल को तत्काल एंबुलेंस में शिफ्ट कर अस्पताल के लिए रवाना किया। रास्ते में हालत गंभीर देख कंट्रोल रूम के डॉक्टर से संपर्क कर उनके निर्देश पर सी-कॉलर और स्पाइन बोर्ड की मदद से प्राथमिक उपचार दिया गया।
जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराए गए इलियास की हालत अब पहले से बेहतर बताई जा रही है।

No comments:
Post a Comment