वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। दैनिक समाचार पत्र में “अरुणाचल प्रदेश में फीडिंग, बस्ती में रिन्यू कराए डीएल” शीर्षक से प्रकाशित समाचार के संबंध में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), बस्ती ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्थिति स्पष्ट की है।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, समाचार में उल्लिखित अरुणाचल प्रदेश से बैकलॉग एंट्री कराए गए ड्राइविंग लाइसेंसों के संबंध में विभागीय स्तर पर जांच की गई। बताया गया कि जब कोई आवेदक पहली बार ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सेवा लेता है, तो पोर्टल पर बैकलॉग एंट्री किस राज्य या जनपद से की गई है, इसका विवरण प्रदर्शित नहीं होता। साथ ही सारथी सॉफ्टवेयर में ड्राइविंग लाइसेंस की एनओसी संबंधी ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे बैकलॉग संबंधी विवरण का परीक्षण संभव हो सके।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि सारथी पोर्टल के अवलोकन से पता चला कि संबंधित डीएल की बैकलॉग एंट्री अरुणाचल प्रदेश के डीटीओ से की गई है। उक्त सभी डीएल को सारथी पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है तथा विशेष वाहक भेजकर सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन के उपरांत यदि डीएल विवरण फर्जी पाया जाता है तो संबंधित सभी डीएल के निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त विगत छह माह के उन सभी डीएल विवरणों का भी सत्यापन कराया जाएगा, जिनकी बैकलॉग एंट्री अरुणाचल प्रदेश या अन्य किसी राज्य से की गई है। यदि किसी भी डीएल का विवरण फर्जी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), बस्ती ने कहा कि पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत पारदर्शिता के साथ की जा रही है तथा सत्यापन पूर्ण होने के बाद आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

No comments:
Post a Comment