बस्ती। पैकोलिया थाना क्षेत्र के पिपराकाजी गांव की निवासी श्यामकली पत्नी राम सुरेश ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को पत्र देकर घर के सामने से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है। उनका कहना है कि 3 मई को उनकी बेटी की शादी है, लेकिन दबंग पड़ोसी सुलहनामे के बावजूद रास्ता खाली करने को तैयार नहीं हैं।
दिए गए प्रार्थना पत्र में श्यामकली ने बताया कि पड़ोसी बब्लू पुत्र राम धीरज के मकान निर्माण के दौरान सहयोग के उद्देश्य से उन्होंने अपने घर के सामने ईंट आदि रखने की अनुमति दी थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कई बार जगह खाली करने को कहा गया, लेकिन आरोप है कि पड़ोसी जमीन हड़पने की नीयत से टालमटोल कर रहे हैं।
इस संबंध में थाना पैकोलिया में गांव के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, जिसमें 15 दिनों के भीतर जमीन खाली करने की बात तय हुई थी। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद पीड़िता ने उपजिलाधिकारी हर्रैया को भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हो सका है।
श्यामकली का आरोप है कि पंचायत चुनाव नजदीक होने के कारण विपक्षी को स्थानीय समर्थन मिल रहा है, जिससे वह कब्जा हटाने में आनाकानी कर रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर आजाद समाज पार्टी के जिला प्रभारी विशाल कुमार गौतम, जिला उपाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार और हर्रैया विधानसभा के मीडिया प्रभारी राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 2 मई तक अवैध कब्जा नहीं हटाया गया तो वे थाने का घेराव करने को बाध्य होंगे।

No comments:
Post a Comment