बस्ती। क्रीड़ा भारती गोरक्ष प्रांत की वार्षिक नियोजन बैठक रविवार को गोटवा स्थित एक मैरिज हाल में सम्पन्न हुई। बैठक में क्षेत्रीय संयोजक अजय रजत दीक्षित का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने संगठन के कार्यों को गति देने एवं गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया।
प्रांतीय अध्यक्ष अरुण प्रजापति ने बस्ती जनपद कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए प्रभाकर ओझा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा सुधीर कुमार पाण्डेय को सह मंत्री का दायित्व सौंपा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
बैठक में वर्षभर आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों—क्रीड़ा भारती स्थापना दिवस, हनुमान जयंती, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, राष्ट्रीय खेल दिवस, क्रीड़ा भारती ज्ञान परीक्षा, माता जीजाबाई पुरस्कार एवं सूर्य नमस्कार—के सफल संचालन के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही संगठन के विस्तार एवं गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।
वक्ताओं ने कहा कि क्रीड़ा भारती खेल को केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि आनंद और संस्कार के रूप में समाज में स्थापित करने का कार्य कर रही है तथा प्राचीन भारतीय खेलों के प्रति जनजागरूकता फैलाने का निरंतर प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रणधीर सिंह ने की, जबकि संयोजन प्रांत क्रीड़ा केंद्र प्रमुख राम सिंह ने किया। बैठक में प्रांत उपाध्यक्ष अंजू सिंह, प्रांत मंत्री बी.एन. मिश्रा, प्रांत सह मंत्री सुरेंद्र सिंह, प्रांत प्रचार प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार पाठक, प्रांत आईटी प्रमुख अमित त्रिपाठी, प्रांत कोषाध्यक्ष चिन्मयानंद मल्ल एवं महानगर संयोजक मानवेंद्र सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment