वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। महिला थाना जनपद बस्ती एवं थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेलवा दाड़ी में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में बहू-बेटी सम्मेलन एवं जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक महिला थाना अपनी टीम के साथ मौजूद रहीं, जिसमें महिला हेड कांस्टेबल शांति यादव, कांस्टेबल श्यामा पाठक एवं कांस्टेबल सुमन यादव शामिल रहीं।
इस अवसर पर लगभग 60 महिलाओं एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा महिलाओं को जागरूक किया गया।
महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे वूमेन पॉवर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही देश के नए आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023—के संबंध में भी महिलाओं को जानकारी प्रदान की गई।
साइबर जागरूकता अभियान के तहत साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया ठगी, वन-टाइम पासवर्ड चोरी, यूपीआई फ्रॉड एवं साइबर बुलिंग जैसे अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से उन्हें महत्वपूर्ण जानकारी मिल रही है तथा उनके अंदर एक नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।

No comments:
Post a Comment