गोरखपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में बुधवार को शहर में भव्य बाइक-स्कूटी रैली निकाली गई। तारामंडल से पैडलेगंज तक आयोजित इस रैली में हजारों महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
रैली को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान महिला मोर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष अमिता गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के साथ आयोजित हस्ताक्षर अभियान में भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अधिनियम के समर्थन में अपनी सहमति दर्ज कराई।
मुख्य अतिथि डॉ. बबीता चौहान ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को नीति निर्माण और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का अवसर देगा। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा।
वहीं, अमिता गुप्ता ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को मजबूत करेगा तथा देश के विकास में उनकी भूमिका को और सशक्त बनाएगा।
रैली में शामिल महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन करते हुए ‘सशक्त नारी, सशक्त राष्ट्र’ का संदेश दिया। यह आयोजन महिला जागरूकता और सहभागिता का प्रतीक बनकर उभरा।

No comments:
Post a Comment