वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। चिकित्सा जगत में एक उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए विशेषज्ञ सर्जन डॉ. अमित नायक और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सत्यम पांडेय की टीम ने एक मरीज के पित्ताशय से 45 मिमी आकार की विशाल पथरी का सफलतापूर्वक निष्कासन कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।बताया गया कि मरीज लंबे समय से असहनीय पेट दर्द, उल्टी और गंभीर परेशानी से जूझ रहा था। जांच में पित्ताशय के भीतर 45 मिमी की बड़ी पथरी होने की पुष्टि हुई, जो लगभग पूरी जगह घेरे हुए थी। इसके कारण सूजन और गंभीर जटिलताओं का खतरा काफी बढ़ गया था। चिकित्सकों के अनुसार इस स्थिति में सर्जरी ही एकमात्र सुरक्षित और प्रभावी विकल्प था।
इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व डॉ. अमित नायक ने किया। सूजे हुए और अत्यंत नाजुक ऊतकों के बीच इतने बड़े पथरी को बिना पित्त नली या आसपास के अंगों को नुकसान पहुंचाए निकालना बड़ी चुनौती थी, लेकिन उन्होंने अपनी उत्कृष्ट सर्जिकल दक्षता, सटीकता और अनुभव का परिचय देते हुए प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।
सर्जरी की सफलता में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सत्यम पांडेय की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने पूरे ऑपरेशन के दौरान मरीज की स्थिति को स्थिर बनाए रखते हुए रक्तचाप, हृदय गति सहित अन्य महत्वपूर्ण मानकों का प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया, जिससे सर्जन को सुरक्षित वातावरण में कार्य करने में सहायता मिली।
सर्जरी के बाद मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहा है और लंबे समय से झेल रहे असहनीय दर्द से राहत पा चुका है। इस सफल ऑपरेशन को डॉ. अमित नायक और डॉ. सत्यम पांडेय के उत्कृष्ट तालमेल, उच्च स्तरीय चिकित्सा कौशल और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।

No comments:
Post a Comment