बस्ती। जनपद के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले वशिष्ठ महोत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में 30 अप्रैल को प्रातः 07 बजे भूमि पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात 03 मई को जिला मुख्यालय स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई का कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम संयोजक एवं उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों और कलाकारों के आवास एवं भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। जनपद और प्रदेश के प्रतिष्ठित कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति देंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय जूनियर बालक-बालिका खो-खो चैम्पियनशिप में प्रदेश के सभी जनपदों से खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके साथ ही जनपदीय स्तर पर हैंडबॉल, वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के लिए टीमें 29 अप्रैल से 04 मई तक अपना पंजीकरण करा सकती हैं।
पंजीकरण के लिए इच्छुक खिलाड़ी जिला क्रीड़ांगन में प्रभाकर ओझा (मो. 9565533001), विकास कुमार (मो. 9580574644) और रणधीर सिंह (मो. 7905671975) से संपर्क कर सकते हैं। प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
महोत्सव के दौरान सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन को पत्र भेजे जा चुके हैं। साथ ही खेलों के सुचारु संचालन हेतु व्यायाम शिक्षकों की तैनाती के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया गया है। रात्रिकालीन प्रतियोगिताओं के लिए निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा विभिन्न टीमों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बैठक में क्रीड़ा भारती के सचिव राम सिंह, महर्षि तपोभूमि न्यास के राजेश त्रिपाठी, रणजीत सिंह, चंद्रमणि मिश्र, राकेश पाण्डेय, रणधीर सिंह, जितेंद्र कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। वहीं कथक गुरु मास्टर शिव और रोटेरियन मयंक श्रीवास्तव वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

No comments:
Post a Comment