बस्ती। सफाईकर्मी विनय कुमार वर्मा की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दोषियों की गिरफ्तारी न होने से सफाईकर्मियों और कर्मचारी संगठनों में रोष व्याप्त है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार आर्य के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कार्यालय में आकस्मिक बैठक हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि 18 अप्रैल तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो सफाईकर्मी अमहट घाट स्थित शिव मंदिर परिसर से पदयात्रा निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे और डीएम को ज्ञापन सौंपेंगे।
जिलाध्यक्ष अजय कुमार आर्य ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि छावनी थाना क्षेत्र के अकला निवासी सफाईकर्मी विनय कुमार वर्मा हर्रैया विकास खंड के बसदेवा कुंवर गांव में तैनात थे। 12 अप्रैल को गांव के निकट उनकी निर्मम हत्या कर दी गई, लेकिन अब तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर गिरफ्तारी की मांग की थी। एसपी ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं।
अजय कुमार आर्य ने बताया कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष राम अधार पाल ने प्रस्तावित आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया है।
बैठक में संघ के मंत्री मनसाराम चौधरी, कोषाध्यक्ष अशोक चौहान, संगठन मंत्री अमित चक्रवर्ती, लेखा सम्प्रेक्षक भरत कुमार यादव, संतोष कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment