<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, April 6, 2026

बस्ती में 161वां स्थापना दिवस: 5 से 7 मई तक मनाया जाएगा भव्य वशिष्ठ महोत्सव


बस्ती। जिले के 161वें स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 05, 06 और 07 मई को तीन दिवसीय वशिष्ठ महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान खेल प्रतियोगिताएं, गोष्ठियां, सांस्कृतिक संध्या सहित कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। समारोह को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

यह जानकारी उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने एक बयान जारी कर दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी 06 मई को बस्ती जनपद के स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर यह भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के कई नामचीन गायक और कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

महोत्सव के तहत खो-खो सीनियर वर्ग (बालक-बालिका) की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा जिला स्तर पर सीनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए हैंडबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी होंगी। सभी कार्यक्रम अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।

राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि महर्षि वशिष्ठ जी की पावन भूमि की पुनर्प्रतिष्ठा के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए। बस्ती जिले के पौराणिक नाम “वशिष्ठि” के आधार पर “वशिष्ठ नगर” नामकरण महाअभियान को भी तेज किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ जी त्रेता युगीन आश्रम स्थित दिव्य एवं भव्य मंदिर में प्रतिष्ठित हो चुके हैं। साथ ही विश्व में पहली बार वशिष्ठ रामायण कथा के आयोजन का गौरव भी इसी पुण्य भूमि को प्राप्त हुआ है।

मखौड़ा धाम, श्रृंगीनारी, गुरु तीर्थ वशिष्ठ धाम, हनुमान बाग चकोही, श्रीराम जानकी मार्ग और देवरहा बाबा की यह पावन धरती सनातन धर्म की गौरवशाली विरासत को दर्शाती है, जिसका स्वर्णिम इतिहास सर्वविदित है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages