वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश मोटरयान नियमावली 1998 के अध्याय-9क (विद्यालयीय यानों के लिए विशेष उपबंध) का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने, स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच हेतु 01 से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान की समीक्षा के लिए उत्तर प्रदेश इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मॉनिटरिंग पोर्टल (UPISVMP) विकसित किया गया है, जिस पर सभी विद्यालयों के वाहनों को ऑनबोर्ड करने के साथ उनका निरीक्षण भी किया जा रहा है। वर्तमान स्थिति के अनुसार 809 के सापेक्ष केवल 547 स्कूल वाहनों को ही पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया गया है, जिनमें से 428 वाहनों का निरीक्षण पूर्ण हो सका है। यह प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है।
इसी को देखते हुए 14 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय, संत कबीर नगर खुला रहेगा। इस दिन जनपद के सभी शेष स्कूली वाहनों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड कराने और उनका निरीक्षण कराने की कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने जनपद के सभी विद्यालय प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों से अपील की है कि जिनके स्कूल वाहन अभी तक पोर्टल पर ऑनबोर्ड नहीं हुए हैं, वे 14 अप्रैल को आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित हों। आवश्यक प्रपत्रों में विद्यालय का UDISE कोड, वाहन की पंजीयन पुस्तिका, परमिट, ट्रांसपोर्ट मैनेजर का मोबाइल नंबर व आधार, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, आधार, मोबाइल नंबर, फोटो तथा चरित्र सत्यापन प्रमाणपत्र शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि समय पर ऑनबोर्डिंग व निरीक्षण पूर्ण कराकर ही स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है, इसलिए सभी संबंधित लोग इसमें सहयोग करें।

No comments:
Post a Comment