वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में मादक पदार्थों के निस्तारण एवं विनष्टीकरण हेतु चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत थाना धर्मसिंहवा पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.25 किलोग्राम चरस को नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदमन सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थानाध्यक्ष धर्मसिंहवा अमित कुशवाहा के नेतृत्व में थाना परिसर के मालखाने में लंबे समय से जमा चरस को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नष्ट कराया गया।
उक्त मादक पदार्थ को मेडिकल पॉल्यूशन कंट्रोल कमिटी, औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में स्थापित इंसीनरेटर के माध्यम से नियमानुसार नष्ट किया गया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
पुलिस विभाग द्वारा लगातार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ किया जा सके।

No comments:
Post a Comment