वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में मादक पदार्थों के निस्तारण एवं विनष्टीकरण हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के अंतर्गत महुली थाने की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 09 अभियोगों से संबंधित 13 किलो 450 ग्राम गांजा नष्ट कराया।
अपर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। महुली थाना के मालखाना में लंबे समय से जमा उक्त गांजा को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नष्ट कराया गया।
गांजा को एमपीसीसी (मेडिकल पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी) औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद स्थित इंसीनरेटर के माध्यम से नियमानुसार नष्ट किया गया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
पुलिस विभाग द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है, जिससे जनपद में नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

No comments:
Post a Comment