वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के आदेश के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्रभूषण तिवारी के कुशल पर्यवेक्षण में एंटी रोमियो स्क्वाड टीम द्वारा व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
एंटी रोमियो स्क्वाड प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल रश्मि सिंह एवं अनुष्का यादव की टीम ने थाना नगर क्षेत्र के अंतर्गत फुटहिया, गोटवा, पोखरा, पोखरनी, वन विहार, नगर बाजार सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान टीम ने रास्ते में आने-जाने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को “मिशन शक्ति (नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन) फेज-5” के तहत जागरूक करते हुए उनकी सुरक्षा व बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076, 1098, 108 के बारे में विस्तार से बताते हुए संकट की स्थिति में इनके प्रयोग हेतु प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों को साइबर अपराधों जैसे साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी चोरी, यूपीआई फ्रॉड एवं साइबर बुलिंग आदि के बारे में जानकारी दी गई तथा बचाव के उपाय बताए गए। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया।
चेकिंग के दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे करीब 20 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिनमें से 10 व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी गई, जबकि 2 मनचलों से माफीनामा भरवाया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है तथा आमजन में विश्वास बढ़ा है।

No comments:
Post a Comment