गोरखपुर। पूर्वांचल के लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दादर–गोरखपुर रेल सेवा को अब नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालित करने की मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा गोरखपुर के सांसद रवि किशन को भेजे गए पत्र में इसकी पुष्टि की गई है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, अब तक स्पेशल ट्रेन के रूप में चल रही गाड़ी संख्या 01027/01028 को नियमित कर दिया गया है। अब यह ट्रेन 11047/11048 नंबर से दादर–गोरखपुर एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। लंबे समय से इस रूट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और नियमित सेवा की मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
सांसद रवि किशन ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पूर्वांचल की जनता के लिए बड़ी राहत है और इससे यात्रा अधिक सुगम व सुनिश्चित हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि दादर–गोरखपुर मार्ग पर बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक, व्यापारी, छात्र एवं अन्य यात्री नियमित रूप से सफर करते हैं। स्पेशल ट्रेन होने के कारण यात्रियों को अक्सर टिकट की अनिश्चितता का सामना करना पड़ता था, जो अब समाप्त हो जाएगा।
रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय जनहित में लिया गया है और इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस फैसले से मुंबई और पूर्वांचल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
- मुख्य बिंदु :
▪ स्पेशल ट्रेन 01027/01028 अब नियमित बनी
▪ नया नंबर 11047/11048 दादर–गोरखपुर एक्सप्रेस
▪ यात्रियों को मिलेगी स्थायी सेवा
▪ पूर्वांचल–मुंबई यात्रा होगी आसान
▪ लाखों यात्रियों को सीधा लाभ

No comments:
Post a Comment