वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना सोनहा पुलिस ने जमीन के फर्जीवाड़े के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने प्रपत्रों में हेरफेर कर एक ही जमीन का दो बार बैनामा कर धोखाधड़ी की थी।
थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक तारकेश्वर यादव मय पुलिस टीम ने मुकदमा संख्या 171/2025 से संबंधित वांछित अभियुक्त तिलकराम पुत्र पहलू निवासी रैकवार थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती को सोमवार सुबह करीब 10:05 बजे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने वर्ष 2009 में गाटा संख्या 1221 मि./0.194, 1233/0.197, 1238 मि./0.338 तथा 1491/0.810 कुल लगभग 60 ख जमीन का बैनामा लखपाती पत्नी तिलकराम निवासी अजगौवा जंगल थाना गौर, जनपद बस्ती के नाम किया था।
आरोप है कि वर्ष 2023 में उसी जमीन को फर्जी तरीके से प्रपत्रों में हेरफेर कर श्रीमती नीलम पत्नी रामस्वरूप निवासी ग्राम मनवा थाना वाल्टरगंज, जनपद बस्ती के नाम दोबारा बैनामा कर दिया और उनसे धनराशि भी ले ली। पीड़िता द्वारा पैसा वापस मांगने पर अभियुक्त ने धमकी दी, जिसके आधार पर थाना सोनहा में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।

No comments:
Post a Comment