वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को पूर्वोत्तर रेलवे में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम, गोरखपुर में “शक्ति वॉक” का आयोजन किया गया। शक्ति वॉक को महिला रेलकर्मी सुश्री मीरा सिकंदर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम में महिला खिलाड़ियों एवं महिला रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के महासचिव एवं मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त गोरखपुर रेलवे स्टेशन से गाड़ी संख्या 65115 भटनी–अयोध्या धाम वाया गोरखपुर मेमू ट्रेन का संचालन पूर्ण रूप से महिला रेलकर्मियों द्वारा किया गया। इस ट्रेन में लोको पायलट सुश्री प्रियंका शर्मा, सहायक लोको पायलट सुश्री निधि गौतम, ट्रेन मैनेजर सुश्री जागृति त्रिपाठी, मुख्य टिकट निरीक्षक सुश्री मुक्ता प्रभा बरला, टिकट निरीक्षक सुश्री नीना सिएल तथा रेलवे सुरक्षा बल की सुश्री नेहा यादव तैनात रहीं।
गोरखपुर जंक्शन के इलेक्ट्रॉनिक पैनल पर भी महिला कर्मचारियों ने संचालन की जिम्मेदारी निभाई। स्टेशन मास्टर सुश्री अंकिता कुमारी, सुश्री रूबी कुमारी, सुश्री खुशनसीबा खातून, श्रीमती शालू कुमारी, स्टेशन मास्टर/एरिया कंट्रोलर (गुड्स) श्रीमती प्रियंका कुमारी तथा कांटावाला श्रीमती अर्चना यादव ने ट्रेन परिचालन का कार्य सफलतापूर्वक संपादित किया। महिला रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों ने ट्रेनों और स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गोरखपुर स्टेशन के बुकिंग एवं आरक्षण केंद्र के सभी काउंटरों पर भी महिला रेलकर्मियों ने कार्य संभाला। कोचिंग डिपो में ट्रेनों के अनुरक्षण का कार्य, स्टेशन के लांड्री यूनिट का संचालन तथा स्टेशन परिसर की सफाई व्यवस्था भी महिलाओं द्वारा निष्ठापूर्वक की गई।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अंकुर उद्योग लिमिटेड, गोरखपुर द्वारा गोरखपुर स्टेशन को चार सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें प्रदान की गईं। इन मशीनों से पांच रुपये के सिक्के के माध्यम से महिलाओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध होंगे। इनमें तीन मशीनें गोरखपुर स्टेशन पर तथा एक मशीन खलीलाबाद स्टेशन पर स्थापित की गई है।
इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से गोरखपुर स्टेशन पर महिला कर्मचारियों की दक्षता, समर्पण और सशक्त भागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

No comments:
Post a Comment