बस्ती। कांग्रेस आरटीआई विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल प्रभारी महेन्द्र श्रीवास्तव ने राजनीति में बढ़ती कटु और जहरीली भाषा पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में भाजपा नेताओं ने समाज को हिन्दू-मुस्लिम आधार पर बांटने का काम किया है और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए मर्यादाओं की अनदेखी की गई है।
उन्होंने कहा कि देश इस समय घरेलू गैस, डीजल और पेट्रोल जैसी आवश्यक वस्तुओं की समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में कुछ भाजपा नेताओं और हिन्दू संगठनों द्वारा मुस्लिम व्यापारियों से सामान न खरीदने की अपील समाज में विभाजन को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा है तो उन नेताओं को मुस्लिम देशों से आने वाले गैस, डीजल और पेट्रोल का भी उपयोग नहीं करना चाहिए।
महेन्द्र श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश में भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर पार्टी राजनीति में शुचिता और पवित्रता की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को पदों पर मनोनीत करने से परहेज नहीं करती। उन्होंने हर्रैया नगर पंचायत के मनोनीत सभासद दीपक चौहान को हिस्ट्रीशीटर बताते हुए उनके चयन पर सवाल उठाए और कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा कार्यकर्ता भी सवाल उठा रहे हैं।
उन्होंने अंत में कहा कि देश की जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और भाजपा का “नफरती एजेंडा” आने वाले समय में जनता द्वारा नकार दिया जाएगा।

No comments:
Post a Comment