वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद ने सीएम डैशबोर्ड की नवीनतम रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि को जनपद प्रशासन की प्रभावी कार्यशैली, सतत मॉनिटरिंग और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का परिणाम माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारी व थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि थानों पर आने वाले पीड़ितों व शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का गुण-दोष के आधार पर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सीएम डैशबोर्ड में सुधार, ई-साक्ष्य एप के माध्यम से साक्ष्य अपलोड करने और लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। साथ ही पुलिस कार्यालय पर आने वाले आगंतुकों की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुनकर उनका समाधान करने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी रखने तथा आपराधिक घटनाओं और लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई, अपहृताओं की बरामदगी, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा शातिर अपराधियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट व जिलाबदर की कार्रवाई करने को कहा गया है।
प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम भावना, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण को दिया है।

No comments:
Post a Comment