वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्यों को स्कूली वाहनों की सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि विद्यालयों में संचालित सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस एवं परमिट अद्यतन कराने के बाद ही बच्चों के आवागमन हेतु उनका संचालन किया जाए। 15 वर्ष पूर्ण कर चुके वाहनों को परिवहन कार्यालय में प्रस्तुत कर उनके पंजीयन निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यार्थियों के निजी वाहनों से विद्यालय आने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा ड्राइविंग लाइसेंस होने पर ही अनुमति देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अवगत कराया गया कि परिवहन आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार उ0प्र0 मोटरयान नियमावली 1998 के अध्याय 9-क का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा।
स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल के अंतर्गत सभी विद्यालयों को अपने वाहनों का पूर्ण विवरण अपलोड करना होगा, जिसमें वाहन का पंजीकरण, आयु, मॉडल, इंजन व चेसिस नंबर, स्वामी का विवरण, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, जीपीएस एवं सीसीटीवी स्थापना की जानकारी शामिल होगी। साथ ही वाहन चालकों का नाम, पता, लाइसेंस, अनुभव, पुलिस सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं संपर्क विवरण भी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
विद्यालय प्रबंधन को 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर नोटरी से सत्यापित शपथ-पत्र भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा, जिसमें सभी सूचनाओं के सही एवं पूर्ण होने का प्रमाण दिया जाएगा।
बैठक में सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुरेश कुमार मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार तिवारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी, सावित्री विद्या विहार, लिटिल फ्लावर स्कूल, जीआईसी इंटर कॉलेज एवं इंडियन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment