<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, March 7, 2026

प्रभारी मंत्री आशीष कुमार पटेल ने विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा की

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


बस्ती। प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री आशीष कुमार पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक हर्रैया अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक प्रारम्भ होने से पूर्व मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने प्रभारी मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का बुके देकर स्वागत किया।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने सर्वप्रथम कानून व्यवस्था की समीक्षा की, जिस पर जनप्रतिनिधियों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया। इसके बाद उन्होंने पिछली बैठक की अनुपालन आख्या की समीक्षा करते हुए विभागीय परियोजनाओं की प्रगति जानी। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि सभी संचालित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाए। साथ ही अधिशासी अभियंता बाढ़ को निर्देश दिया कि बाढ़ से बचाव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र पैचिंग कराने के निर्देश दिए। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को राजमार्गों पर बने अवैध कटों को चिन्हित कर बंद कराने को कहा। जल जीवन मिशन की समीक्षा में उन्होंने बताया कि 855 परियोजनाओं में से 193 पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की लाभकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने ऑटो रिक्शा के लिए निर्धारित रूट तय करने का सुझाव दिया, जिससे जाम की समस्या से राहत मिल सके। बैठक के दौरान जिला आबकारी अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, डीडीओ अजय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप, डीसी मनरेगा संजय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages