वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। आगामी होलिका दहन, रंगोत्सव एवं रमजान माह को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार व पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने तहसील मेहदावल क्षेत्र के ग्राम मुसहरा स्थित प्राथमिक विद्यालय मुसहरा परिसर में ग्रामीणों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की।
बैठक में अधिकारियों ने कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों से फीडबैक लिया। इसके उपरांत डीएम व एसपी ने होलिका दहन स्थल का निरीक्षण भी किया।
अधिकारीद्वय ने उपस्थित लोगों से त्योहारों को परंपरागत एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा या व्यवस्था की शुरुआत न की जाए। उन्होंने आपसी भाईचारे, सौहार्द और सद्भावना के साथ पर्व मनाने पर बल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी का सहयोग अपेक्षित है। यदि कोई व्यक्ति सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय की समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया। बताया गया कि लगभग 250 छात्रों के सापेक्ष विद्यालय में केवल एक शिक्षक एवं एक शिक्षामित्र कार्यरत हैं। इस पर जिलाधिकारी ने शिक्षकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की कि नियुक्त ग्राम सचिव नियमित रूप से गांव नहीं आते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को व्यवस्था में सुधार के सख्त निर्देश दिए। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन एवं विद्यालय में मिड-डे-मील की गुणवत्ता व नियमितता को संतोषजनक बताया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदमन सिंह, तहसीलदार मेहदावल अल्पिका वर्मा, थाना प्रभारी, ओएसडी राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी, ग्रामीण एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment