<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, March 11, 2026

यूपीएसआई भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम व एसपी ने की समीक्षा बैठक, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता



संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (UPSI) भर्ती परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों व जवानों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश से पहले उनकी सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) की जाए। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी पुलिसकर्मी और केंद्र व्यवस्थापक निर्धारित समय से पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर ड्यूटी सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखी जाए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या नकल कराने वाले गिरोहों पर कड़ी नजर रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने को कहा गया। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

अधिकारियों को सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने तथा हर गतिविधि की जानकारी कंट्रोल रूम को समय-समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी-कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि अभ्यर्थी भयमुक्त वातावरण में परीक्षा दे सकें।

बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार, विभिन्न थानों के एसओ/एसएचओ तथा परीक्षा ड्यूटी में तैनात अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages