<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, March 20, 2026

राजकुमार चौहान हत्याकांड : कॉल डिटेल से खुल रही साजिश की परतें, हत्या के बाद सबूत मिटाने को खून से सने कपड़े जलाए


गोरखपुर। प्रापर्टी डीलर राजकुमार चौहान हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। कॉल डिटेल की पड़ताल में सामने आया कि नामजद आरोपित दीपक गौड़ और हत्यारोपित राज चौहान के बीच पिछले छह माह में 35 बार बातचीत हुई। साजिश में वह शामिल है या नहीं, पुलिस इसकी गहनता से छानबीन कर रही है।
पुलिस की मानें तो राज चौहान पहले दीपक गौड़ का डंपर चलाता था और दोनों के बीच पुराने संबंध रहे हैं। हाल के दिनों में वह मछली पालन शुरू करने की तैयारी कर रहा था, इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क फिर बढ़ा। वारदात की रात राज डंपर चलाने गया था और घर नहीं लौटा।
अगले दिन उसने अपने साथी विपिन यादव के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल मुर्गा काटने वाला चाकू बरामद किया, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपितों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच में जिन दो संदिग्ध के नाम सामने आए हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
- घटना के बाद तमंचा छिपाने वाले सचिन की तलाश में दबिश
प्रापर्टी डीलर हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान कई नए किरदार सामने आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार हत्या के बाद आरोपित राज चौहान ने इस्तेमाल किया गया तमंचा बरगदवा गांव में रहने वाले सचिन यादव को दे दिया था। पुलिस अब उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले तमंचे से फायर किया, लेकिन राजकुमार बचकर भागने लगे। इसके बाद आरोपितों ने करीब 100 मीटर तक पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपितों ने अपने खून से सने कपड़े एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से जलवा दिए थे। इस मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस हत्याकांड में दो से अधिक लोगों की भूमिका हो सकती है। तीसरे और चौथे किरदार की भी जांच की जा रही है, जो साजिश या सबूत मिटाने में शामिल हो सकते हैं।
- महिला शिक्षक ने देखा झगड़ा, बुजुर्ग ने सुनी चीख
बरगदवा गांव की एक महिला शिक्षक ने पुलिस को बताया कि हत्या के समय वहां जोरदार झगड़ा हो रहा था। पास से गुजर रही एक बुजुर्ग महिला ने भी चीख-पुकार सुनने की बात कही। एक अन्य लड़की ने भी घटना के बारे में जानकारी दी।
ग्रामीणों के बयान के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले, जिसमें हत्यारोपित राज चौहान और विपिन यादव साफ दिखाई दिए। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया।
- यह है मामला 
चिलुआताल क्षेत्र के बरगदवा गांव में मंगलवार सुबह टहलने निकले प्रापर्टी डीलर 38 वर्षीय राजकुमार चौहान की गोली मारने के बाद चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने पहले फायरिंग की, फिर करीब 100 मीटर तक पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और कई वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था।
पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर भाजपा पार्षद समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और कई आरोपितों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान सीसी कैमरा फुटेज, काल डिटेल और पुराने विवादों के आधार पर घटना का पुलिस ने मुख्य आरोपित राज चौहान व उसके साथी विपिन यादव को गिरफ्तार कर 12 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश कर लिया।
पीड़ित परिवार पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है। उसका कहना है कि नामजद आरोपित भी घटना में शामिल थे। जिसके बाद उनके भूमिका की जांच चल रही है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages