संतकबीरनगर। जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिज्ञान मालवीय ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की जिला इकाई ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन माननीय कांशीराम जिला स्टेडियम में किया गया।
प्रतियोगिता में वॉलीबॉल (पुरुष वर्ग), कबड्डी (महिला वर्ग), 400 मीटर दौड़ (पुरुष एवं महिला वर्ग) तथा लंबी कूद (पुरुष एवं महिला वर्ग) के मुकाबले आयोजित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिज्ञान मालवीय एवं विशिष्ट अतिथि जिला युवा कल्याण अधिकारी राम प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में ‘मेरा युवा भारत’ बड़गो, खलीलाबाद युवा क्लब की टीम विजेता रही, जबकि मेधवाल युवा क्लब उपविजेता रहा। कबड्डी (महिला वर्ग) में इंदिरा महिला मंडल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि संथा की रानी लक्ष्मीबाई महिला मंडल उपविजेता रही।
महिला वर्ग 400 मीटर दौड़ में शिखा यादव प्रथम, प्रीति द्वितीय एवं रोशनी तृतीय स्थान पर रहीं। लंबी कूद (महिला वर्ग) में कुशलावती प्रथम, मुस्कान द्वितीय तथा सृष्टि तृतीय रहीं।
पुरुष वर्ग 400 मीटर दौड़ में विनय प्रथम, सत्यप्रकाश द्वितीय एवं गौरव प्रताप तृतीय स्थान पर रहे। वहीं लंबी कूद (पुरुष वर्ग) में अनूप कुमार प्रथम, आदिश द्वितीय तथा ओम प्रकाश तृतीय रहे।
प्रतियोगिता में सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल, पुरस्कार एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी राम प्रताप सिंह, लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुधांश त्रिपाठी, हितेश कुमार, योगेंद्र यादव, कोच मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment