वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। होली का त्योहार जहां आमजन अपने परिवार के साथ मनाते हैं, वहीं आपातकालीन सेवाओं में तैनात एम्बुलेंस कर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद रहकर जरूरतमंदों की सेवा करते हैं। इसी क्रम में जिले में 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारियों के बीच होली का पर्व सादगी और उत्साह के साथ मनाया गया।
कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए विभागीय अधिकारी स्वयं उनके बीच पहुंचे और रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक विकास पांडे, कार्यक्रम प्रबंधक पवन कुमार, ईएमई आशीष मिश्रा और राधेश्याम उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पायलटों और ईएमटी कर्मियों के निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना की।
होली के अवसर पर सेवा के संकल्प को भी दोहराया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान किसी भी दुर्घटना या मेडिकल इमरजेंसी में बिना देरी के तत्काल रिस्पॉन्स दिया जाए। गर्भवती महिलाओं और बच्चों को अस्पताल पहुंचाते समय विशेष सावधानी बरतने तथा मरीजों और परिजनों को प्राथमिक उपचार के साथ होली की शुभकामनाएं देकर उनका हौसला बढ़ाने को कहा गया।
क्षेत्रीय प्रबंधक विकास पांडे ने कहा कि होली के दौरान किसी भी जरूरतमंद को चिकित्सा सेवा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। जिले की सभी एम्बुलेंस सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस पहल से कर्मचारियों में उत्साह और जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हुई है।

No comments:
Post a Comment