नई दिल्ली। लोकसभा में गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने नियम 377 के तहत गोरखपुर की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार से गोरखपुर से दिल्ली होते हुए अमृतसर तथा गोरखपुर से देहरादून के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करने की मांग की।
सांसद ने अपने लिखित नोटिस में कहा कि गोरखपुर धार्मिक, पर्यटन और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण शहर है। नेपाल सीमा के निकट होने के कारण यह एक प्रमुख ट्रांजिट हब के रूप में भी उभर रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में गोरखपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे यह पूर्वांचल के कई जिलों के लिए प्रमुख हवाई केंद्र बन चुका है। नई उड़ान सेवाओं के शुरू होने से लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद ने कहा कि इन फ्लाइट्स से अमृतसर, देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ, बद्रीनाथ और मसूरी जैसे धार्मिक व पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी। साथ ही नेपाल से आने वाले यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।
उन्होंने केंद्र सरकार से जनहित में इन प्रस्तावित विमान सेवाओं को शीघ्र शुरू करने का अनुरोध किया, ताकि गोरखपुर समेत पूरे पूर्वांचल क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।

No comments:
Post a Comment