बस्ती। भुवनपुर बक्सर स्थित आरपी साइंस एकेडमी में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का समापन रविवार को पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. वीके वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत नगर बाजार की अध्यक्ष राना नीलम सिंह और प्रभाकर रंजन ओझा ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया।
आयोजक विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सुधीर कुमार पाण्डेय और प्रधानाचार्य अविनाश प्रजापति ने अतिथियों का बैज अलंकरण, माल्यार्पण और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि डॉ. वीके वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि बच्चे अपनी रुचि के अनुसार कार्य क्षेत्र का चयन करें तो वे निश्चित रूप से जीवन में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के स्वाभाविक रुझानों को समझने और उन पर अनावश्यक दबाव न डालने की बात कही।
प्रतियोगिता के सब जूनियर बालक वर्ग में दुबौलिया ने प्रथम तथा जेआरसी हडही ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि कंपोजिट विद्यालय नवली और कंपोजिट विद्यालय निपनिया की टीमें संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। सीनियर बालक वर्ग में जेआरसी हडही प्रथम, दुबौलिया द्वितीय तथा डीआरसी हसीनाबाद और नौली की टीमें संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
सब जूनियर बालिका वर्ग में कंपोजिट विद्यालय निपनिया प्रथम, डीआरसी हसीनाबाद द्वितीय तथा बीआरएस गढ़हा और आरपी साइंस एकेडमी की टीमें संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। सीनियर बालिका वर्ग में पीएस स्पोर्ट्स प्रथम, जीआरसी हडही द्वितीय तथा हाजी मोहम्मद अमीन इंटर कॉलेज हरैया और साइंस एकेडमी की टीमें संयुक्त रूप से तृतीय घोषित की गईं।
बस्ती खो-खो एसोसिएशन के सचिव राम सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए आयोजक विद्यालय के प्रबंधक और प्रधानाचार्य को धन्यवाद दिया। प्रतियोगिता में युवराज सिंह, निश्चय सिंह, अमीषा वर्मा, आर्तिका मिश्रा, वीरेंद्र कुमार, विनय श्रीवास्तव, विपिन वर्मा और संतोष कुमार सिंह ने रेफरी की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर राना दिनेश प्रताप सिंह, मंडलीय क्रीड़ा सचिव अमित कुमार यादव, जिला व्यायाम शिक्षक भूपेश सिंह, प्रधानाचार्य सतीश रंजन सिंह, दीपक सिंह, सुनील कुमार, संतोष कुमार पाण्डेय सहित अनेक शिक्षक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment