वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना कलवारी क्षेत्र के एहतमाली गांव में घर में घुसकर युवती को गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। संयुक्त कार्रवाई में थाना कलवारी पुलिस, स्वाट टीम और एसओजी टीम शामिल रही।
पुलिस के अनुसार 03 मार्च 2026 को थाना कलवारी क्षेत्र के एहतमाली गांव में एक युवक द्वारा एक लड़की को गोली मार देने की सूचना मिली थी। इस संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना कलवारी में मुकदमा अपराध संख्या 33/2026 धारा 103(1), 333 व 351(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
इसी क्रम में 06 मार्च 2026 को कलवारी माझा खुर्द क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी मनदीप पासवान पुत्र रंगीलाल निवासी कमईपुर थाना कलवारी जनपद बस्ती को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि थाना कलवारी के एक मुख्य आरक्षी भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर (कलवारी) में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपी के पास से एक पिस्टल .32 बोर, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस .32 बोर तथा एक मोटरसाइकिल स्प्लेंडर (यूपी 45 ए डब्ल्यू 9121) बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना कलवारी में पूर्व में भी मुकदमा अपराध संख्या 232/2025 धारा 64(2), 352, 351(3) भारतीय न्याय संहिता, 67 सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा 5/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment