महादेवा (बस्ती)। विकास क्षेत्र बनकटी ग्राम पंचायत कैथवलिया के राजस्व ग्राम गौरा उपाध्याय स्थित पोखरे पर छठ घाट निर्माण का शिलान्यास शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रघुनाथ सिंह द्वारा किया गया। यह पहल कैथवलिया निवासी बाबू योगेंद्र सिंह के प्रयास से की गई, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं को छठ पूजा के दौरान बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम शिव मंदिर बोकनार से सटे पोखरे के किनारे आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं मौजूद रहीं। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी बनकटी भवानी प्रसाद शुक्ल ने बताया कि प्रारंभिक चरण में 15×10 फीट की सीढ़ियों का निर्माण कराया जाएगा। भविष्य में घाट का सुंदरीकरण भी कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रघुनाथ सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में छठ पूजा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सुरक्षित और व्यवस्थित घाट का निर्माण अत्यंत आवश्यक है, जिससे श्रद्धालु श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा कर सकें।
कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि कैथवलिया रामनाथ, प्रधान प्रतिनिधि थरौली सुनील पांडेय, प्रेम नारायण उपाध्याय, दद्दन उपाध्याय, प्रेमचंद उपाध्याय, अशोक उर्फ पप्पू पाल सहित कैथवलिया और बोकनार गांव के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment