वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
- राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित हुआ सेमिनार-सह-वर्कशॉप
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य इंजीनियरिंग विद्यार्थियों के शैक्षणिक ज्ञान और उद्योग की वास्तविक अपेक्षाओं के बीच की दूरी को कम करना रहा। कॉलेज के निदेशक प्रो. कुलदीप सहाय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में संयोजक रणितेश गुप्ता और यशवंत कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उद्घाटन सत्र में विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और पेशेवर व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला के पहले सत्र में विशेषज्ञों ने प्रभावी रिज्यूमे तैयार करने की बारीकियां साझा कीं। विद्यार्थियों को रिज्यूमे की संरचना, कौशलों की प्रस्तुति, परियोजनाओं के चयन और उन्हें प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की तकनीक समझाई गई। इस दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
दूसरे सत्र में लिंक्डइन प्रोफाइल के माध्यम से मजबूत ऑनलाइन उपस्थिति बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। छात्रों को प्रोफाइल ऑप्टिमाइजेशन, उपयुक्त कीवर्ड के प्रयोग और नेटवर्किंग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
तीसरे सत्र में एचआर और तकनीकी इंटरव्यू की तैयारी कराई गई, जिसमें सामान्य प्रश्नों के उत्तर देने, संचार कौशल को बेहतर बनाने और आत्मविश्वास बनाए रखने के व्यावहारिक सुझाव दिए गए। ग्रुप डिस्कशन और मॉक इंटरव्यू सत्र कार्यशाला का सबसे प्रभावशाली हिस्सा रहा, जहां विद्यार्थियों ने वास्तविक चयन प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त किया।
अंतिम तकनीकी सत्र में माइक्रोसॉफ्ट टूल्स के व्यावहारिक उपयोग पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समापन पर राजकुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों, विशेषज्ञों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment