बस्ती। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग ओबीसी मोर्चा के मंडल महासचिव एवं लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी ठाकुर प्रेमनन्दबंशी ने जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विकास खंड हर्रैया के ग्राम पंचायत महादेवा स्थित मतदान केंद्र संख्या 40 एवं मतदान स्थल संख्या 41 को प्राथमिक विद्यालय महादेवा से स्थानांतरित कर पूर्व माध्यमिक विद्यालय महादेवा में स्थापित किए जाने तथा केंद्र को अतिसंवेदनशील घोषित करने की मांग की है।
डीएम को दिए गए ज्ञापन में उन्होंने कहा कि हर्रैया विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत महादेवा के मतदाताओं ने उन्हें अवगत कराया है कि पूर्व पंचायत चुनावों के दौरान मतदान केंद्र संख्या 40 एवं मतदान स्थल संख्या 41 प्राथमिक विद्यालय महादेवा में स्थापित किए जाते रहे हैं। यह विद्यालय वर्तमान में जर्जर अवस्था में है, जिससे विशेषकर वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान स्थल तक पहुंचने और मतदान कक्ष में पर्याप्त उजाला न होने के कारण मतदान करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इससे कई बार मतपत्र अमान्य होने की भी आशंका बनी रहती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व चुनावों में कुछ दबंग एवं प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा मतदाताओं को प्रभावित करने और मतों की खरीद-फरोख्त की शिकायतें भी सामने आती रही हैं, जिससे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान प्रभावित होने की आशंका रहती है।
प्रेमनन्दबंशी ने कहा कि ग्राम पंचायत महादेवा के निकट स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय महादेवा में पूर्व से ही लोकसभा और विधानसभा चुनावों का मतदान केंद्र स्थापित किया जाता रहा है। यह भवन अपेक्षाकृत नया, सुरक्षित और प्रकाशयुक्त है, जिससे वृद्ध, दिव्यांग और सामान्य मतदाता आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतदान स्थल को प्राथमिक विद्यालय से न हटाने के लिए गांव के कुछ दबंग एवं प्रभावशाली लोगों द्वारा ग्रामवासियों के नाम और हस्ताक्षर सादे कागज पर लेकर कूटरचित पत्र तैयार किया गया है।
ज्ञापन में उन्होंने मांग की कि आगामी पंचायत चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्र संख्या 40 एवं मतदान स्थल संख्या 41 को प्राथमिक विद्यालय महादेवा से स्थानांतरित कर पूर्व माध्यमिक विद्यालय महादेवा में स्थापित किया जाए। साथ ही केंद्र को अतिसंवेदनशील घोषित कर चुनाव के दौरान सीसीटीवी कैमरे और अतिरिक्त सुरक्षा बल की व्यवस्था की जाए, ताकि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित हो सके।

No comments:
Post a Comment