वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जनपद में नवरात्रि एवं ईद-उल-फितर त्योहार को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था के साथ आमजन की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने, मंदिरों-मस्जिदों व सार्वजनिक स्थलों के आसपास नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए संवेदनशील क्षेत्रों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। गश्ती बढ़ाने और छेड़खानी व अन्य आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और अफवाहों से दूर रहें। जुलूस व शोभायात्राओं में भड़काऊ गीत न बजाने की हिदायत दी गई। बैठक में अधिकारियों व संभ्रांत नागरिकों ने अपने सुझाव भी रखे।

No comments:
Post a Comment