बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के महरीपुर निवासी पंकज सिंह ने पुलिस उपमहानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आर०के० कंस्ट्रक्शन कम्पनी से जुड़े लेन-देन विवाद में धमकी मिलने का आरोप लगाया है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
डीआईजी को दिए पत्र में पंकज सिंह ने बताया कि वह गिट्टी, मोरंग व मिट्टी की सप्लाई का कार्य करते हैं। वर्ष 2023 से उनका संबंध राजेश शुक्ला उर्फ बबलू, निवासी गोबरहिया थाना पुरानी बस्ती से है, जो आर०के० कंस्ट्रक्शन नामक कम्पनी चलाते हैं। पंकज के अनुसार, उन्होंने साझेदारी के तहत अपनी पत्नी के खाते से 2 लाख रुपये तथा अपने खाते से 25 हजार रुपये 11 जून 2025 को कम्पनी के खाते में काम शुरू करने के लिए भेजे थे।
उन्होंने बताया कि कम्पनी में उनका 15 प्रतिशत हिस्सा था और किए गए कार्यों में उनका कुल हिस्सा 8 लाख रुपये बनता है। इसमें से लगभग 1.50 लाख रुपये ही वापस किए गए, जबकि शेष 6.50 लाख रुपये नहीं दिए गए। पंकज सिंह का आरोप है कि राजेश शुक्ला ने धोखे से यह रकम हड़प ली है।
पैसा मांगने पर उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है और गलत आरोप लगाकर बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित ने आरोपी को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए कहा कि उसने जोर-जबरदस्ती और धोखाधड़ी से पैसा हड़प लिया।
पंकज सिंह ने मामले में मुकदमा दर्ज कर धन की वापसी तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment