वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। नगर पंचायत भानपुर स्थित बैड़वा समय माता मंदिर परिसर में चैत्र नवरात्रि के छठे दिन मंदिर ट्रस्ट के संयोजन में भव्य जागरण, विशाल भंडारा और फलाहार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति गीतों और माता के जागरण से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु माता के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल दिखाई दिया।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, श्रद्धा और संस्कृति को मजबूत करते हैं। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए मातृ शक्ति को सर्वोच्च बताया।
मनोज सिंह ने कहा कि चैत्र नवरात्रि हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक है। जागरण और भंडारे के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी से आयोजन सफल रहा।
मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक बलवंत सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है। श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था देने और धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए सभी सदस्यों और क्षेत्रवासियों का सहयोग सराहनीय रहा।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष हनुमंत सिंह, उपाध्यक्ष कमला सिंह सहित कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही एसडीएम भानपुर रोली सिंह, विश्व हिन्दू महासभा के अध्यक्ष अखिलेश सिंह समेत कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

No comments:
Post a Comment