बस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा और जिला स्वास्थ्य समिति (शाशी निकाय) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों में संकेतक लगाए जाएँ। 1 अप्रैल से स्कूल वाहनों का फिटनेस चेक शुरू होगा, और केवल मानक पूरी होने पर ही वाहन चलाने की अनुमति दी जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की उपलब्धता बनी रहे। आयुष्मान कार्ड के पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द कार्ड जारी किया जाए। जननी सुरक्षा योजना से जुड़े लाभार्थियों का पोर्टल अपडेट कर भुगतान तुरंत कराया जाए, और स्वास्थ्य केंद्रों पर एचआईवी किट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने विभागों की योजनाओं में शतप्रतिशत प्रगति बनाए रखने का निर्देश भी दिया।
बैठक में सीएमओ डा. राजीव निगम, डीपीआरओ धनश्याम सागर, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, एसीएमओ डा. ए.के. चौधरी, सम्भागीय परिवहन अधिकारी सुरेश कुमार मौर्य, टीएसआई अवधेश तिवारी, सभी बीडीओ और एमओआईसी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment