वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। सरकार द्वारा घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता के दावों के बावजूद जनपद में संकट गहराता जा रहा है। बुधवार को रूधौली विधानसभा क्षेत्र से भावी प्रत्याशी चांदनी चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं और नागरिकों ने हाथों में तख्तियां और खाली सिलेंडर लेकर पं. अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम से शास्त्री चौक तक जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि घरेलू गैस की भारी किल्लत के कारण कई घरों में भोजन बनने का संकट खड़ा हो गया है। लोगों को गैस एजेंसियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर बिचौलियों द्वारा सिलेंडरों की कालाबाजारी कर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है।
प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को संबोधित 6 सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने के बाद चांदनी चौधरी (पत्नी मनोज चौधरी) ने कहा कि गैस की लगातार कमी और बढ़ती कालाबाजारी से आम जनता में आक्रोश है। यह उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है और गरीब व मध्यम वर्ग के साथ सीधा अन्याय है।
ज्ञापन में गैस की कालाबाजारी में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई, वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने, प्रत्येक उपभोक्ता को समयबद्ध सिलेंडर उपलब्ध कराने, प्रशासन द्वारा नियमित निगरानी, शिकायतों का त्वरित निस्तारण तथा गैस बुकिंग के बाद डिलीवरी समय 24 से 72 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र चौधरी, प्रमोद चौधरी, रूबी चौधरी, रंजना देवी, दूधनाथ चौधरी, जैसराम यादव, अमित सिंह, राधेश्याम, संजय चौधरी, शैलेन्द्र चौधरी, विनोद मौर्य, संजू, राधिका, प्रियंका पाण्डेय, छोटे मिश्र, श्याम करन चौधरी, राजू भारती, सीमा गोंड सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment