गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के औंड़िहार-छपरा रेल खंड पर स्थित बलिया जंक्शन रेलवे स्टेशन का अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है। करीब 40.47 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे इस कार्य में स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।
बलिया जंक्शन देश के प्रमुख शहरों जैसे नई दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, सूरत, अहमदाबाद, कोलकाता, इंदौर, पुणे, लखनऊ, कानपुर, दुर्ग, प्रयागराज, गुवाहाटी, जयपुर, रांची और अमृतसर से सीधी रेल सेवा से जुड़ा हुआ है। यहां से वर्तमान में 44 मेल/एक्सप्रेस एवं सवारी ट्रेनें संचालित होती हैं और यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आगामी 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है।
पुनर्विकास कार्य के अंतर्गत स्टेशन भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रथम प्रवेश द्वार पर पोर्च, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, 1000 मीटर ड्रेनेज, 400 मीटर बाउंड्री वॉल, 9500 वर्ग मीटर सड़क, 2900 वर्ग मीटर पार्किंग तथा 1500 वर्ग मीटर पाथवे का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। द्वितीय प्रवेश द्वार पर स्टेशन भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि पोर्च एवं सर्कुलेटिंग एरिया का कार्य प्रगति पर है।
यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, एसी लाउंज तथा उन्नत प्रसाधन कक्ष तैयार किए गए हैं। प्लेटफार्म संख्या 02, 03 और 04 का विस्तार किया गया है तथा 12230 वर्ग मीटर क्षेत्र में ग्रेनाइट लगाने का कार्य जारी है। पहले से मौजूद 3 लिफ्ट और 1 एस्कलेटर के अलावा 1 नई लिफ्ट और 3 एस्कलेटर लगाने का कार्य भी प्रगति पर है।
इसके अतिरिक्त दिव्यांगजन अनुकूल शौचालय, 1800 वर्ग मीटर अतिरिक्त पार्किंग, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, 2280 वर्ग मीटर प्लेटफार्म शेल्टर तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 58 साइनेज बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर नेविगेशन सुविधा मिल सके।
सभी कार्यों के पूर्ण होने के बाद बलिया जंक्शन एक आधुनिक, सुन्दर और यात्री सुविधाओं से परिपूर्ण स्टेशन के रूप में विकसित होगा, जहां यात्रियों को बेहतर अनुभव के साथ सुखद यात्रा की अनुभूति होगी।
https://www.facebook.com/share/v/1KkRYzFmes/
वीडियो देखने के लिए दिये लिंक को क्लिक कर ओपन करें ☝️

No comments:
Post a Comment