गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के साथ ही रेल राजस्व की क्षति रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के निर्देश पर प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में वाणिज्य अधिकारियों की टीम ने 16 से 22 मार्च 2026 तक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। यह अभियान गोरखपुर-गोण्डा, गोरखपुर-बेलथरा रोड तथा गोरखपुर-सीवान रेल खंडों पर संचालित किया गया।
अभियान के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट तथा बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करने वाले कुल 283 मामले पकड़े गए। इसके साथ ही पैंट्रीकार एवं ऑन-बोर्ड स्टाफ की आईडी की भी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 1,84,850 रुपये का रेल राजस्व वसूला गया।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं राजस्व की सुरक्षा के लिए सभी मंडलों में लगातार स्पॉट चेक, एम्बुश चेक एवं किलाबंदी चेक किए जा रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे ने स्पष्ट किया है कि स्टेशनों एवं ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा, बिना बुक सामान और अनियमित यात्रा के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, जिससे अनावश्यक दंड से बचा जा सके।

No comments:
Post a Comment