वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। जनगणना-2027 के अंतर्गत फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के क्रम में मंगलवार को दूसरे दिन का प्रशिक्षण सत्र कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स के दो बैचों को प्रशिक्षित किया गया। यह प्रशिक्षण 16 मार्च से 18 मार्च 2026 तक संचालित किया जा रहा है। जनगणना निदेशालय उत्तर प्रदेश के संजय कुमार (उप निदेशक एवं मंडल प्रभारी), जिला प्रभारी सुजीत कुमार श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी तथा उपायुक्त राजकुमार शर्मा द्वारा मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस दौरान ट्रेनर्स को जनगणना के प्रथम चरण के लिए प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करने हेतु तैयार किया जा रहा है। उन्हें एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) ऐप के संचालन तथा प्रथम चरण में पूछे जाने वाले 34 प्रश्नों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना का प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या एवं जाति की गणना 9 से 28 फरवरी 2027 तक होगी। इसके बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल मोड में आयोजित की जाएगी, जिसमें नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की जाति से संबंधित आंकड़े भी एकत्र किए जाएंगे।

No comments:
Post a Comment