वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 30 अप्रैल तथा दस्तक अभियान 10 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित तैयारी बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ चरणवार कार्यवाही सुनिश्चित करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। 11 विभागों के समन्वित प्रयास से संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए व्यापक कार्यवाही की जाएगी, जिसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग के रूप में कार्य करेगा। अभियान के तहत बुखार, इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई), क्षय रोग एवं कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निकायों द्वारा मोहल्ला निगरानी समितियों के माध्यम से स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, मच्छर नियंत्रण एवं खुले में शौच मुक्त वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। साथ ही नालियों की सफाई, फॉगिंग, झाड़ियों की कटाई एवं कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी।
पंचायती राज विभाग को ग्राम स्तर पर सफाई, जल निकासी, शौचालयों की देखरेख तथा जलाशयों व नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पशुपालन विभाग को सूकर पालन करने वालों को वैकल्पिक व्यवसाय अपनाने के लिए प्रेरित करने तथा पशुबाड़ों की स्वच्छता व कीटनाशक छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment