अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के बाजार शुकुल कस्बे में एक युवक की हत्या कर शव नाले में फेंकने का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- सोमवार शाम से लापता था युवक
कस्बा निवासी शरीफ टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं। उनके अनुसार, उनका 32 वर्षीय बेटा साहिद सोमवार देर शाम घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और परिचितों व रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।मंगलवार सुबह कस्बे के पास स्थित एक नाले में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान साहिद के रूप में की।
- शरीर पर चोट के निशान
पुलिस के अनुसार, शव पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक आशंका है कि युवक की पिटाई के बाद हत्या कर शव नाले में फेंका गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है।
- पुराने विवाद की भी जांच
परिजनों के मुताबिक, कुछ वर्ष पूर्व साहिद ने पूरे लोहागी मजरे दक्खिन गांव निवासी नियाजुद्दीन की पुत्री सबीहा से प्रेम विवाह किया था। दोनों कुछ समय के लिए मुंबई चले गए थे, बाद में पारिवारिक सहमति से वापस कस्बे में रहने लगे।पुलिस पुराने विवाद सहित अन्य सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।पिता शरीफ ने अज्ञात व्यक्तियों पर हत्या का आरोप लगाया है। क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है। संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
No comments:
Post a Comment