बस्ती। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, बस्ती में बुधवार को संगठन के प्रेरणास्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के अवसर पर “समर्पण दिवस” श्रद्धा एवं संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने की। किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष गोपेश्वर त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के माध्यम से भारतीय राजनीति को नई वैचारिक दिशा दी। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की अवधारणा प्रस्तुत की, जो आज भी प्रासंगिक है।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र गौड़ ने कहा कि पंडित जी का संपूर्ण जीवन सादगी, सेवा और संगठन को समर्पित रहा। उनका चिंतन राष्ट्रहित और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित था, जो कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक है।
जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को ‘थ्री इन वन’ व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि वे कुशल संगठक, प्रखर विचारक और समर्पित राजनेता थे। उनके विचार आज भी संगठन की कार्यप्रणाली और नीतियों का आधार हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

No comments:
Post a Comment