वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। संजीव त्यागी, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र द्वारा परिक्षेत्रीय कार्यालय बस्ती के सभागार में बस्ती, सिद्धार्थनगर एवं संतकबीरनगर जनपदों के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में आगामी होली, रमजान माह एवं ईद-उल-फितर को सकुशल संपन्न कराने को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई।
गोष्ठी में लंबित एवं आंशिक विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण, अधिकाधिक निरोधात्मक कार्रवाई, गैंगस्टर, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी, चोरी व वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा गो-तस्करी पर रोकथाम के निर्देश दिए गए। रात्रिकालीन सघन चेकिंग, संगीन अपराध, महिला अपराध एवं एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीआईजी ने जनपद स्तर पर साइबर एक्शन प्लान के तहत कार्रवाई, यक्ष ऐप पर अपराधियों का सत्यापन, साइबर अपराध से संबंधित मोबाइल/ईएमआई नंबर अधिकाधिक ब्लॉक कराने, मोबाइल रिकवरी बढ़ाने तथा iRAD ऐप पर सभी सड़क दुर्घटनाओं की अनिवार्य फीडिंग के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीएनएस, आईजीआरएस, एनसीआरबी, कर्मयोगी पोर्टल एवं सीएम डैशबोर्ड की नियमित निगरानी तथा उच्चस्तरीय शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
महिला अपहृत/गुमशुदा की शत-प्रतिशत बरामदगी, मिशन शक्ति केंद्र एवं परिवार परामर्श केंद्र को प्रभावी बनाने, ऑपरेशन क्लीन, ऑपरेशन खोज व बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सख्त कार्रवाई तथा प्रत्येक जिले में एंटी-थेफ्ट सेल गठन के निर्देश भी दिए गए।
नियम 14(1) एवं 14(2) के अंतर्गत लंबित विभागीय पत्रावलियों, प्रारंभिक जांच, मृतक आश्रित सेवायोजन व चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण तथा साइट्रेन व आईगाट ऐप पर शेष कर्मियों का प्रशिक्षण पूर्ण कराने को भी कहा गया।
बैठक में डॉ. अभिषेक महाजन (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर), डॉ. यशवीर सिंह (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बस्ती) एवं संदीप कुमार मीना (पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर) सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के शाखा प्रभारी व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment