वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा इन्फ्रास्ट्रक्चर के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ यात्रियों को उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में रेलवे के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सहूलियत के लिए एस्केलेटर एवं लिफ्ट की व्यवस्था की गई है, जिससे एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर आवागमन सुगम हो सके।
वर्तमान में पूर्वोत्तर रेलवे के 13 स्टेशनों पर कुल 40 एस्केलेटर लगाए जा चुके हैं। इनमें गोरखपुर जंक्शन पर 4, लखनऊ जंक्शन पर 2, गोंडा व बस्ती पर 2-2, गोमती नगर पर 12, बनारस पर 4, छपरा पर 2, मऊ पर 2, सीवान पर 2, गाजीपुर सिटी पर 2, बलिया पर 2, इज्जतनगर पर 2 तथा देवरिया सदर स्टेशन पर 2 एस्केलेटर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर 87 नए एस्केलेटर लगाए जाने का कार्य प्रगति पर है।
यात्री सुविधाओं के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे के 22 स्टेशनों पर कुल 65 लिफ्ट भी स्थापित की जा चुकी हैं। इनमें गोरखपुर जंक्शन पर 8, लखनऊ जंक्शन पर 3, गोंडा व बस्ती पर 2-2, खलीलाबाद, सीतापुर, ऐशबाग पर 2-2, गोमती नगर पर 9, सिद्धार्थ नगर पर 2, बनारस पर 6, छपरा पर 3, मऊ पर 2, सीवान पर 1, गाजीपुर सिटी, वाराणसी सिटी, मैरवा, सुरेमनपुर पर 2-2, बलिया पर 3, प्रयागराज रामबाग पर 3, इज्जतनगर पर 3, बरेली सिटी पर 2 तथा काठगोदाम स्टेशन पर 2 लिफ्ट शामिल हैं। साथ ही 55 अतिरिक्त लिफ्ट लगाने का कार्य भी प्रगति पर है।
इसके अलावा रेल कर्मियों की सुविधा के लिए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय लखनऊ एवं इज्जतनगर में एक-एक लिफ्ट स्थापित की गई है। वहीं मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय, गोरखपुर में 2 लिफ्ट लगाई गई हैं। रेलवे प्रशासन के अनुसार इन कार्यों से यात्रियों, दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा।
.jpg)
No comments:
Post a Comment