वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद की यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया तथा अवैध रूप से खड़े ई-रिक्शा व टेंपो के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी यातायात प्रियम राजशेखर पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात परमहंस के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान फुटपाथ के किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, अनियमित तरीके से की गई वाहन पार्किंग एवं अवैध वाहन स्टैंड को हटाया गया।
यातायात पुलिस द्वारा आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए वाहन चलाते समय तीन सवारी न बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा ओवरस्पीड से बचने की अपील की गई। साथ ही लोगों से अनुरोध किया गया कि वे अपने परिवारजनों एवं परिचितों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

No comments:
Post a Comment