बस्ती। शहर से सटे नगर पंचायत गणेशपुर स्थित एसपीपीवाई शिशु विद्यालय के परिसर में गुरुवार को आर्य समाज के संस्थापक महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती की जयंती अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक संस्था सक्षम कल्चर सेवा समिति के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं छात्र-छात्राओं ने स्वामी दयानंद के बताए मार्ग पर चलने तथा ‘वेदों की ओर लौटो’ के संकल्प को दोहराने का आह्वान किया। इस अवसर पर जरूरतमंद 25 छात्र-छात्राओं को स्वेटर वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. सत्येंद्र प्रताप सिंह तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रधानाचार्य अवनीश चौधरी ने मां सरस्वती एवं स्वामी दयानंद सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रधानाचार्य अवनीश चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी दयानंद केवल एक संन्यासी नहीं, बल्कि क्रांतिकारी विचारक थे, जिन्होंने भारत की सोई चेतना को जागृत किया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को ‘सत्यार्थ प्रकाश’ से प्रेरणा लेनी चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण भी है। उन्होंने सक्षम कल्चर सेवा समिति द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सांस्कृतिक चेतना जागृत करने के प्रयासों की सराहना की।
मुख्य अतिथि डॉ. सत्येंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समिति का यह प्रयास नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की दिशा में सराहनीय है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था बस्तियों और गांवों में छिपी प्रतिभाओं को मंच देने तथा महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों और स्वामी दयानंद के जीवन पर आधारित कविताओं ने समां बांध दिया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत और सरस्वती वंदना ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
अंत में विद्यालय परिवार एवं समिति की ओर से सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर मनोज कुमार श्रीवास्तव, सुमन श्रीवास्तव, सुप्रिया श्रीवास्तव, विशाल, रमेश कुमार गुप्ता, शिक्षक संतोष कुमार यादव, शिक्षिका विमला देवी, समाजसेवी आलोक मिश्र, सूर्य प्रकाश वर्मा, दिनेश सिंह, अजय कसौधन, राघवेंद्र प्रताप, अनूप श्रीवास्तव, विवेक पांडेय, महेश शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, सक्षम कल्चर सेवा समिति के स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment