वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनपद के विद्यालयों में संचालित स्कूली वाहनों एवं परिवहन व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में एआरटीओ प्रियंवदा सिंह ने जनपद के समस्त विद्यालयों में चल रहे स्कूली वाहनों की परमिट, फिटनेस आदि की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन विद्यालयों के वाहन बिक चुके हैं अथवा निष्प्रयोज्य हो गए हैं, उनकी परमिट निरस्त कराने के लिए परिवहन विभाग को अनिवार्य रूप से सूचना दी जाए, ताकि उन्हें सूची से हटाया जा सके। इस पर एडीएम ने समस्त विद्यालयों को उक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि स्कूली वाहन सड़क किनारे खड़े न किए जाएं, बल्कि विद्यालय परिसर या आसपास उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे यातायात बाधित न हो। साथ ही सभी विद्यालयों को अपने स्कूली वाहनों पर तैनात चालक व परिचालक को निर्धारित लाइट ग्रे रंग की वर्दी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि उनकी पहचान आसानी से हो सके।
एडीएम ने यह भी निर्देश दिया कि समस्त विद्यालय अपने वाहन चालकों का वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं चरित्र सत्यापन कराकर उसकी रिपोर्ट परिवहन विभाग को उपलब्ध कराएं। किसी भी स्थिति में बिना फिटनेस वाले वाहनों का संचालन न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि जनपद के सभी स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाए तथा वाहनों की परमिट व फिटनेस की जांच एक निश्चित समय अंतराल पर की जाती रहे। साथ ही सभी अनफिट वाहनों का चालान कर उन्हें बंद कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस विषय को गंभीरता से लिया जाए और किसी भी विद्यालय में एक भी अनफिट वाहन संचालित न होने पाए। इसके अलावा 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों का चिन्हीकरण कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एआरटीओ प्रियंवदा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, टीएसआई परमहंस सहित विद्यालयों के प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment