बस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग एवं व्यापार बन्धु की बैठक जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के व्यापारी एवं उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं एवं सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना एवं संचालन में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता पर दूर किया जाए, जिससे जनपद में निवेश को प्रोत्साहन मिले तथा रोजगार के अवसर बढ़ें।
बैठक में विद्युत, सड़क एवं जलनिकासी व्यवस्था, बैंक ऋण, सुरक्षा व्यवस्था आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद तथा वित्त पोषण सहायता योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निवेश मित्र पोर्टल पर विभागवार लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए और किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
बैठक का संचालन उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर उपेन्द्र यादव एवं उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप ने किया। इस अवसर पर सीडीओ सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, एलडीएम आर.एन. मौर्या, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक सिंह, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल सिंह रैकवार, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के महासचिव एस.सी. शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment