बस्ती (रुधौली)। रुधौली थाना क्षेत्र के कथकपुरवा चौराहे पर होटल संचालक ने कुछ युवकों पर जबरन खाना खाने, मारपीट करने, असलहा दिखाकर धमकाने और बाद में दुकान में आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर नामजद आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
कथकपुरवा निवासी अबुसमा पुत्र मो. अमीन ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से ‘केजीएम’ नाम से होटल संचालित कर रहा है। उसके अनुसार 15 फरवरी की शाम एक मोबाइल नंबर से खाने के लिए फोन आया, लेकिन कॉल करने वाले ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। रात करीब 8:30 बजे चार युवक होटल पर पहुंचे और खाना खाने के बाद गाली-गलौज व हाथापाई करने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने कट्टा निकालकर जान से मारने तथा होटल में आग लगाने की धमकी दी। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। होटल संचालक ने थाने में नामजद तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
अबुसमा का कहना है कि 17 फरवरी की रात करीब 3:30 बजे उसकी दुकान में आग लगा दी गई। इस घटना की भी सूचना 112 नंबर पर दी गई। आगजनी में होटल को काफी नुकसान पहुंचा। आरोप है कि नामजद तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच, नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अपने परिवार के जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं क्षेत्र में इस घटना को लेकर व्यापारियों में भी आक्रोश व्याप्त है।

No comments:
Post a Comment